महिलाओं के लिए खुशखबरी है। जनवरी, 2026 से डीटीसी बसों में मुफ्त सफर के लिए गुलाबी टिकट की जगह अब पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड लॉन्च किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को बस यात्रा में आसानी और सुविधा प्रदान करना है।
डीटीसी अधिकारियों के अनुसार, इस स्मार्ट कार्ड को बनवाने के लिए महिलाओं की न्यूनतम उम्र 12 साल होनी चाहिए। 12 साल या उससे अधिक उम्र की महिलाएं, जो दिल्ली की निवासी हैं और उनके पास दिल्ली का आधार कार्ड है, इस योजना का लाभ ले सकती हैं।
स्मार्ट कार्ड का उपयोग मेट्रो कार्ड की तरह होगा। बस में सफर करते समय, कंडक्टर के पास मौजूद इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन पर कार्ड टैप किया जाएगा। इस तरह महिलाओं को हर बार टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी और उनका सफर और भी आसान हो जाएगा।
दिल्ली सरकार ने स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए डीएम ऑफिस, एसडीएम ऑफिस, बस डिपो और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) में विशेष काउंटर बनाए हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कार्ड बनवाने के लिए कोई शुल्क लगेगा या नहीं, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि यह मुफ्त में उपलब्ध होगा।
ध्यान रहे कि यह योजना केवल दिल्ली की निवासी महिलाओं के लिए है। एनसीआर की महिलाएं, जिनके पास दिल्ली का आधार कार्ड नहीं है, इस योजना का लाभ नहीं उठा पाएंगी। पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के लॉन्च होने के बाद, गुलाबी टिकट को चरणबद्ध रूप से बंद कर दिया जाएगा।



