फ्लैट मिल गया…फिर भी बिल्डर पर कर सकते हैं केस… जी हाँ, फ्लैट का कब्जा लेने के बाद भी कर सकते हैं मुआवजे का दावा.. अगर आपने भी सालों इंतज़ार करने के बाद मजबूरी में अपने फ्लैट का कब्जा ले लिया था, तो ज़रा रुकिए क्योंकि सुप्रीम कोर्ट का एक ऐसा बड़ा फैसला आया है, जो आपके लिए लाखों रुपये के मुआवजे का रास्ता खोल सकता है।
क्या कब्जा लेने के बाद बिल्डर के खिलाफ मुआवजे की मांग खत्म हो जाती है? क्या अब भी आप देरी से हुए नुकसान की भरपाई मांग सकते हैं? और आखिर सुप्रीम कोर्ट ने ऐसा क्या फैसला सुनाया है, जिससे देशभर के करोड़ों घर खरीदारों को बड़ी राहत मिल गई है? आज की इस खबर में हम आपको बताएंगे कि कैसे यह ऐतिहासिक फैसला आपके अधिकारों को पहले से कहीं ज्यादा मजबूत बनाता है, इसलिए वीडियो को आखिर तक जरूर देखिए।
दोस्तों, देश में लाखों लोग ऐसे हैं जिन्हें उनका सपना पूरा करने के लिए अपना घर तो मिला, लेकिन तय समय पर नहीं। किसी को महीनों की देरी हुई तो किसी को कई सालों तक इंतजार करना पड़ा। इस दौरान लोगों ने बैंक की EMI भी भरी, किराए का खर्च भी उठाया और मानसिक तनाव भी झेला। जब आखिरकार फ्लैट मिला तो ज्यादातर लोगों ने यही सोचकर कब्जा ले लिया कि अब बिल्डर के खिलाफ कुछ नहीं किया जा सकता। लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया है कि सिर्फ फ्लैट का कब्जा लेने से खरीदार के अधिकार खत्म नहीं हो जाते।
अगर बिल्डर ने तय समय से देरी की है, तो कब्जा मिलने के बाद भी खरीदार उपभोक्ता आयोग में जाकर मुआवजे की मांग कर सकता है। यानी अब बिल्डर सिर्फ चाबी थमाकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता। यह फैसला उस मामले में आया, जो द्वारका के एक हाउसिंग प्रोजेक्ट से जुड़ा था। एक खरीदार को काफी देरी से फ्लैट मिला था और उसने उपभोक्ता आयोग में शिकायत की थी। लेकिन उसकी शिकायत यह कहकर खारिज कर दी गई कि फ्लैट का कब्जा मिलने के बाद वह उपभोक्ता नहीं रहा।
मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा और वहां जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस वी. मोहन की पीठ ने इस सोच को पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि खरीदार की शिकायत सिर्फ फ्लैट पाने की नहीं थी, बल्कि देरी से हुए आर्थिक और मानसिक नुकसान की भरपाई की थी। इसलिए कब्जा मिलने के बाद भी मुआवजे का अधिकार पूरी तरह सुरक्षित रहता है। इतना ही नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने एक और बेहद अहम बात स्पष्ट की। अक्सर बिल्डर फ्लैट खरीद समझौते में आर्बिट्रेशन क्लॉज डाल देते हैं और बाद में कहते हैं कि अब उपभोक्ता आयोग में नहीं जा सकते, पहले मध्यस्थता करनी होगी। लेकिन अदालत ने साफ कहा कि उपभोक्ता संरक्षण कानून द्वारा दिया गया अधिकार किसी निजी एग्रीमेंट की शर्त से खत्म नहीं किया जा सकता। यानी अगर एग्रीमेंट में आर्बिट्रेशन क्लॉज मौजूद है, तब भी खरीदार सीधे उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटा सकता है।
हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि हर मामले में अपने आप मुआवजा नहीं मिलेगा। जिला उपभोक्ता आयोग यह जांच करेगा कि क्या वास्तव में कब्जा देने में देरी हुई थी, क्या इसके लिए बिल्डर जिम्मेदार था, क्या खरीदार ने बिना किसी शर्त के कब्जा स्वीकार किया था और क्या उसे वास्तव में आर्थिक या मानसिक नुकसान हुआ। इन सभी तथ्यों की जांच के बाद ही मुआवजे पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। यानी अब रास्ता पूरी तरह खुल चुका है, लेकिन फैसला सबूतों के आधार पर होगा। कुल मिलाकर सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला देश के करोड़ों घर खरीदारों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
अगर आपने भी देरी से फ्लैट मिलने के बावजूद उसका कब्जा ले लिया है, तो इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं कि आपके कानूनी अधिकार खत्म हो गए हैं। अब आप भी उचित परिस्थितियों में बिल्डर से मुआवजे की मांग कर सकते हैं। अब आप हमें कमेंट करके बताइए, क्या देरी से फ्लैट देने वाले बिल्डरों पर और भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए? अगर आपको ऐसी ही महत्वपूर्ण कानूनी और सरकारी खबरें सबसे पहले चाहिए, तो वीडियो को लाइक करें, अपने दोस्तों के साथ शेयर करें और चैनल को सब्सक्राइब करना बिल्कुल न भूलें।



