नया साल आते ही मोबाइल यूजर्स के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। Jio, Airtel और Vi जैसे बड़े टेलीकॉम ऑपरेटर्स 2026 में अपने रिचार्ज प्लान्स के दाम बढ़ाने की तैयारी में हैं। सोशल मीडिया, कॉलिंग और इंटरनेट के लिए जो पहले आपके बजट में आराम से आता था, वही अब महंगा पड़ सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 4G और 5G प्लान्स की कीमतों में 16 से 20 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसका सीधा असर करोड़ों यूजर्स पर पड़ेगा, जो रोजाना कॉलिंग और डेटा पर निर्भर हैं। टेलीकॉम कंपनियों ने हाल के महीनों में कई सस्ते प्लान्स बंद किए हैं और कई प्लान्स से बेनिफिट्स घटाए हैं। इसे आने वाली कीमत बढ़ोतरी का संकेत माना जा रहा है।
अगर आज कोई बेसिक प्लान 300 रुपये में मिलता है, जिसमें अनलिमिटेड कॉलिंग और रोजाना 1.5GB डेटा शामिल है, तो 20 फीसदी बढ़ोतरी के बाद यही प्लान 360 रुपये तक पहुंच सकता है। सालभर में यह रकम काफी बड़ी हो जाती है, खासकर उन लोगों के लिए जो हर महीने रिचार्ज कराते हैं।
यह पहली बार नहीं है जब रिचार्ज महंगे हो रहे हैं। 2019, 2021 और 2024 में भी कीमतों में बढ़ोतरी हुई थी। कंपनियों का कहना है कि नए स्पेक्ट्रम की खरीद, नेटवर्क की बेहतर सर्विस और 5G विस्तार के चलते खर्च बढ़ रहा है। बेहतर कवरेज और क्वालिटी के लिए अब यूजर्स को ज्यादा भुगतान करना होगा।
कुल मिलाकर, आने वाले समय में सस्ते इंटरनेट और कॉलिंग प्लान्स धीरे-धीरे कम होते जाएंगे। विशेषज्ञों का अनुमान है कि 2030 तक कंपनियां प्रति यूजर औसत कमाई 370 से 390 रुपये तक बढ़ा सकती हैं। ऐसे में नए साल में मोबाइल रिचार्ज पर ज्यादा खर्च करने के लिए अभी से तैयारी कर लेना बेहतर रहेगा।



