shrilanka bebas bharat bekhof mahila team ka record tod 5-0safaya

श्रीलंका बेबस, भारत बेखौफ! महिला टीम का रिकॉर्डतोड़ 5-0 सफाया

इंडियन विमेंस क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 5-0 से क्लीन स्वीप दर्ज किया है। पांचवें और अंतिम टी-20 मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 15 रन से हराकर सीरीज अपने नाम की। इसके साथ ही भारतीय महिला टीम ने तीसरी बार किसी टी-20 सीरीज को 5-0 के अंतर से जीतने का रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले भारत ने वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के खिलाफ भी इसी तरह की शानदार जीत दर्ज की थी।

पांचवां मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में खेला गया, जहां श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 43 गेंदों में 68 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 1 छक्का शामिल था। उनके अलावा अरुंधति रेड्डी ने 27 रन और अमनजोत कौर ने 21 रनों का योगदान दिया। श्रीलंका की ओर से चमारी अटापट्टू, कविषा दिलहारी और रश्मिका सेवांदी ने 2-2 विकेट झटके।

176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत खराब रही और दूसरे ही ओवर में कप्तान चमारी अटापट्टू आउट हो गईं। इसके बाद हसिनी परेरा और इमेशा दुलानी ने 79 रनों की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की। इमेशा दुलानी ने 50 रन बनाए, जबकि हसिनी परेरा ने 65 रनों की पारी खेली, लेकिन लगातार विकेट गिरने के कारण श्रीलंका की टीम 7 विकेट पर 160 रन ही बना सकी।

भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। श्री चरणी, स्नेह राणा, वैष्णवी शर्मा, दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी और अमनजोत कौर ने 1-1 विकेट लिया। पूरी सीरीज में शेफाली वर्मा भारत की टॉप स्कोरर रहीं, जबकि गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा, वैष्णवी शर्मा और श्री चरणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *