नया साल 2026 आने में अब बस कुछ ही दिन बाकी हैं और 1 जनवरी से ऐसे कई बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जो आपकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी और जेब दोनों पर सीधा असर डालेंगे। आज इस रिपोर्ट में जानिए LPG से लेकर किसान कार्ड और पेट्रोल-डीजल तक, क्या-क्या बदलने वाला है।
सबसे पहले बात आधार-पैन लिंकिंग की। सरकार ने साफ कर दिया है कि अगर 1 जनवरी 2026 तक आधार और पैन लिंक नहीं हुआ, तो पैन कार्ड निष्क्रिय हो सकता है। ऐसे में न तो आप इनकम टैक्स रिटर्न फाइल कर पाएंगे और न ही बैंकिंग या सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिलेगा।
अब बात डिजिटल पेमेंट की। नए साल से UPI और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के नियम और सख्त होंगे। SIM कार्ड खरीदते समय वेरिफिकेशन प्रक्रिया और मजबूत की जाएगी। साथ ही WhatsApp और Telegram जैसे मैसेजिंग ऐप्स पर साइबर फ्रॉड रोकने के लिए नए नियम लागू हो सकते हैं, ताकि फर्जी अकाउंट्स पर लगाम लगाई जा सके।
1 जनवरी को LPG और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में संशोधन होगा। एविएशन फ्यूल की कीमतें भी उसी दिन अपडेट की जाएंगी, जिसका असर घरेलू बजट और हवाई टिकटों पर पड़ सकता है। CNG और PNG के दामों में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
इनकम टैक्स देने वालों के लिए भी बदलाव है। जनवरी में नया इनकम टैक्स फॉर्म लाया जा सकता है, जिसमें बैंक ट्रांजैक्शन और खर्चों का पूरा विवरण देना होगा। इससे पारदर्शिता तो बढ़ेगी, लेकिन लापरवाही भारी पड़ सकती है।
कर्मचारियों और किसानों के लिए राहत की खबर भी है। 1 जनवरी से 8वां वेतन आयोग लागू होने की उम्मीद है और महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी संभव है। किसानों के लिए PM-किसान योजना में यूनिक किसान ID जरूरी हो सकती है, वहीं फसल बीमा के तहत जंगली जानवरों से हुए नुकसान पर भी मुआवजा मिलेगा।
इसके अलावा सोशल मीडिया नियम और सख्त हो सकते हैं और नए साल से कई कार कंपनियां गाड़ियों की कीमतों में करीब 3 प्रतिशत तक बढ़ोतरी कर सकती हैं। नज़र बनाए रखिए, क्योंकि 1 जनवरी 2026 कई बड़े बदलाव लेकर आ रहा है।



